MI vs RR: राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 23 रन से हराया
राजस्थान रॉयल्स ने लगातार दूसरे मैच में शानदार अंदाज में लक्ष्य का बचाव करते हुए मुंबई इंडियंस को 23 रन से हरा दिया। राजस्थान के लिए जोस बटलर ने शतकीय पारी खेली।
टाटा आईपीएल t20 के नौवें मुकाबले में मुंबई इंडियंस का सामना राजस्थान रॉयल्स से हुआ। शनिवार को डबल हेडर के पहले मैच में नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में राजस्थान ने मुंबई पर 23 रनों से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने मुंबई के सामने 194 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में मुंबई की टीम 170 रन ही बना सकी।
एमआई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। प्वाइंट टेबल में शीर्ष स्थान हासिल करने के इरादे से उतरे राजस्थान के रजवाड़ों ने बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत की। जोस बटलर द्वारा लगाए गए इंडियन t20 लीग के इस सीज़न के पहले शतक की बदौलत आरआर ने एमआई के सामने 194 रनों का लक्ष्य खड़ा कर दिया।
मुंबई की टीम ने गेंदबाजी करते हुए शुरुआत में विकेट तो हासिल किया लेकिन रन की गति पर रोक लगाने में असफल रही। जिसके चलते राजस्थान की टीम स्कोर बोर्ड पर एक बड़ा स्कोर खड़ा करने में कामयाब हो गई। रोहित शर्मा ने 6 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, जिसमें जसप्रीत बुमराह और टाइमल मिल्स ने 3-3 विकेट झटके। वहीं, पोलार्ड ने एक विकेट लिया।
जोस बटलर के शतक की बदौलत राजस्थान ने बनाए 193 रन
कप्तान संजू सैमसन (30) ने बटलर के साथ मिलकर टीम को संभाला और 82 रनों की एक मजबूत साझेदारी करते हुए टीम के स्कोर को 125 के पार पहुंचाया। इसी दौरान संजू पोलार्ड की गेंद पर आउट हो गए। इक समय लगा कि रन की गति में गिरावट आएगी लेकिन जोस बटलर (100) ने एक छोर से खतरनाक अंदाज में अपना शतक पूरा किया। दूसरी ओर हेटमायर (35) ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी करते हुए अपनी टीम के स्कोर को 180 के पार पहुंचा दिया।
रनों की गति को देखकर लग रहा था कि राजस्थान की टीम 200 के आंकड़े को आसानी से पार कर लेगी लेकिन बुमराह ने उनके इरादों पर पानी फेर दिया और एक ही ओवर में दोनों सेट बल्लेबाजों का शिकार कर लिया। जिसके बाद राजस्थान की टीम का स्कोर 193 तक ही पहुंच सका।
मुंबई ने पावरप्ले में दो विकेट पर बनाए 50 रन
194 के लक्ष्य का पीछा करने के लिए मुंबई इंडियंस की ओर सलामी बल्लेबाजी करने के लिए मैदान पर कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन उतरे। मुंबई ने पावरप्ले में दो विकेट गंवाकर 50 रन बनाए। रोहित (10) और अनमोलप्रीत (5) के आउट होने के बाद ईशान किशन ने तिलक वर्मा के साथ बेहतरीन साझेदारी की।
दोनों ही बल्लेबाजों ने मिलकर मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 100 के पार पहुंचा दिया। इस बीच यशस्वी जायसवाल ने ईशान किशन का मुश्किल कैच छोड़कर उन्हें जीवनदान दिया। इसी के साथ ईशान किशन ने आईपीएल करियर का 11वां अर्धशतक पूरा कर लिया। इस सीज़न में उनका ये लगातार दूसरा अर्धशतक रहा। उन्होंने 41 गेंद में 50 रन पूरे किए।
मुंबई का तीसरा विकेट गिरा
ईशान किशन अर्धशतक लगाकर आउट हो गए। ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर नवदीप सैन ने बेहतरीन कैच पकड़कर उनको आउट किया। किशन ने 43 गेंद पर 54 रन बनाए और अपनी इस पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया।
तिलक वर्मा ने लगाया आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक
तिलक वर्मा ने 28 गेंद पर आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक लगाया और मुंबई के लिए ऐसा करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। ऐसा करके उन्होंने ईशान किशन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। रविचंद्रन अश्विन ने तिलक वर्मा को क्लीन बोल्ड करते हुए मुंबई का चौथा विकेट झटका। तिलक वर्मा ने 33 गेंद में 61 रन की बेहतरीन पारी खेली और इस दौरान तीन चौके और पांच छक्के लगाए। 15 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर चार विकेट पर 136 रन पहुंच गया।
इसके बाद युजवेन्द्र चहल ने लगातार दो गेंदों में दो विकेट लेकर अपनी टीम को मजबूत करने का काम किया। उन्होंने टिम डेविड और डेनियल सैम्स को आउट करके पवेलियन वापस भेज दिया। मुंबई को जीत के लिए दो ओवर में 39 रन की जरूरत थी और मुंबई की जीत की सारी उम्मीदें कीरोन पोलार्ड पर टिकी थीं। 19वें ओवर में मुरुगन अश्विन रन आउट हो गए। आखिरी ओवर में पोलार्ड ने चौके के साथ शुरुआत की लेकिन इस बड़े लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रहे। 20 ओवर की समाप्ति पर मुंबई की टीम कुल 170 रन ही बना सकी।