News

10 साल का चैलेंज: जानें अब कहां है साल 2013 के हमारे सभी मैच विनर

By Mumbai Indians

यह पहली आईपीएल टॉफी जीतने की हमारी 10वीं वर्षगांठ है। इस टीम ने हमेशा कुछ सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे लाने का दावा किया है। साल 2013 के आईपीएल सीज़न ने न केवल इस लीग के ख़िताब के लिए मुंबई इंडियंस के पांच सीज़न के इंतजार को समाप्त किया, बल्कि MI की भविष्य की बड़ी सफलता की नींव रखी।

2013 की टीम के लिए बदलाव एक सही शब्द है, जो बिल्कुल सटीक साबित होता है। रोहित शर्मा, कायरन पोलार्ड और धवल कुलकर्णी जैसे खिलाड़ियों ने टीम में सचिन तेंदुलकर और रिकी पोंटिंग जैसे सीनियर स्टार खिलाड़ियों की परंपरा और रुतबे को आगे ले जाने का काम किया। क्योंकि 2013 के अभियान को टीम ने अपनी पहली ट्रॉफी जीत कर समाप्त किया।

आज हम यहां जानेंगे कि खिताब जीतने वाली प्लेइंग इलेवन के खिलाड़ी आज कहां हैं? वे जीवन के इस मोड़ पर क्या कर रहे हैं? आइए जानते हैं।

रोहित शर्मा: इनके बारे में तो सभी जानते हैं! दिग्गज रोहित शर्मा ने 25 वर्ष की उम्र में कप्तानी की बागडोर संभाली। वह मिड-सीज़न में टीम से जुड़े और उसके बाद एक के बाद एक उपलब्धियां हासिल करते चले गए। अभी 2023 में भी वह MI के साथ हैं और इस दौरान उन्होंने चार और ट्रॉफी हासिल की हैं।

कायरन पोलार्ड: ‘लॉर्ड’ कायरन पोलार्ड 2013 के संस्करण में ए-स्टार परफ़ॉर्मर थे, उन्होंने टीम के लिए 420 रन बनाने के साथ ही अपनी गेंदबाजी (10 विकेट) के साथ भी अहम योगदान दिया। आईपीएल 2023 वेस्टइंडीज के इस स्टार खिलाड़ी को पहले बल्लेबाजी कोच के रूप में देखेगा। वो भी मुंबई इंडियंस के साथ, और कौन ही हो सकता है! पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास लेने के बाद, वह अभी भी कई T20 लीग में दुनियाभर में खेलते हैं।

सूर्यकुमार यादव: ‘आपला दादा’ सूर्या 2013 में सुपरस्टार्स की टीम में 22 साल के युवा खिलाड़ी के तौर पर शामिल हुए। हालांकि उस सीज़न में उन्होंने एक भी मैच नहीं खेला। वह MI में साल 2018 में वापसी करने के बाद से शानदार रहे हैं, और वर्तमान में दुनिया में नंबर #1 T20I बल्लेबाज हैं। इसके साथ ही वह भारतीय टीम के लिए सभी फॉर्मेट में खेलने वाले खिलाड़ियों में शुमार हैं। 2023 सीज़न में ब्लू एंड गोल्ड जर्सी में वह ऑरेंज कैप हासिल कर सकते हैं!

जसप्रीत बुमराह: बूम बूम बुमराह ने एक ऑर्थोडॉक्स गेंदबाजी एक्शन के साथ आईपीएल 2013 में विराट कोहली का अहम विकेट लेते हुए खुद को एक युवा गेंदबाज के तौर पर साबित किया। दो मैचों में तीन विकेट उनके लिए भले ही एक छोटी उपलब्धि थी, लेकिन इसका प्रभाव काफी बड़ा था। इसी के साथ वह चैंपियनशिप जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में से एक बन गए। हालांकि 2023 संस्करण में चोट की वजह से उनके खेलने की संभावना नहीं है। जसप्रीत बुमराह ने 120 मैचों में 170 विकेट के साथ खुद को MI के मुख्य स्तंभ और गेंदबाज के रूप में स्थापित किया है।

सचिन तेंदुलकर: 2013 का सीज़न लिटिल मास्टर के आईपीएल सफर का अंतिम अध्याय था। अब तक के सबसे महान क्रिकेटर, सचिन तेंदुलकर ने 14 मैच खेले और उस सत्र में 287 रन बनाए। MI के लिए एक खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल का खिताब जीतना उनके कार्यकाल का एक सही अंत था। इसके बाद से वह हमारी टीम के आइकन, मेंटर और सबसे बड़े चीयरलीडर्स में से एक के रूप में अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं। मुंबई इंडियंस जब भी मैदान पर उतरती है तो उनकी मौजूदगी महसूस होती है। जैसा कि लोग कहते हैं, यह पूरी तरह से सचिन की मुंबई है।

रिकी पोंटिंग: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज को 2013 सीज़न की शुरुआत में हमारा कप्तान नियुक्त किया गया था। शुरुआती मैचों में अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहने के कारण पोंटिंग ने अपनी कप्तानी का पद छोड़ दिया और इसे रोहित शर्मा को सौंप दिया। इसके बाद अगले सीज़न में वह MI में कोच के तौर पर वापस लौटे। एक खिलाड़ी और कोच के तौर पर आईपीएल खिताब जीतने वाले तीसरे खिलाड़ी, ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज साल 2018 से दिल्ली कैपिटल्स के साथ हैं और टीम के बॉस के तौर पर अपने पांचवें सीज़न में प्रवेश कर रहे हैं।

हरभजन सिंह: 'टर्बनेटर' आईपीएल 2013 में मुंबई के मुख्य गेंदबाज में से एक थे, जिन्होंने 19 मैचों में 24 विकेट लिए थे। उनकी ऑफ-स्पिन गेंदों ने अक्सर विपक्षी बल्लेबाजों को अचंभित किया। साल 2021 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने के बाद हरभजन ने राजनीति में प्रवेश किया। हालांकि, इस खेल के लिए उनका प्यार बना हुआ है, क्योंकि वह हिंदी और अंग्रेजी दोनों ही भाषाओं में कमेंटेटर की भूमिका निभाते हुए देखे जाते हैं।

मिचेल जॉनसन: 2013 के संस्करण में MI के लिए संयुक्त रूप से सबसे अधिक विकेट लेने वाले मिचेल जॉनसन ने विरोधी बल्लेबाजों को ध्वस्त करने के लिए अपनी रफ्तार का शानदार इस्तेमाल किया। MI (2013, 2017) के साथ दो बार के आईपीएल विजेता, 41 वर्षीय मिचेल अभी एबीसी रेडियो के कमेंटेटर के रूप में क्रिकेट में अपना योगदान दे रहे हैं और इसके साथ ही लीजेंड्स क्रिकेट लीग में भी खेलते हैं।

लसिथ मलिंगा: MI इतिहास के सबसे महान गेंदबाज मलिंगा ने 2013 के सफल आईपीएल अभियान में 20 विकेट हासिल करते हुए सभी का दिल जीत लिया। उनकी इनस्विंग यॉर्कर ने उन्हें क्रिकेट के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में से एक बना दिया। वह मुंबई इंडियंस में जसप्रीत बुमराह को सीख देते हुए देखे जाते थे। वर्तमान में, वह राजस्थान रॉयल्स में हमवतन कुमार संगकारा के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा हैं।

ड्वेन स्मिथ: स्मिथ एक आक्रामक बैटिंग ऑलराउंडर थे। 18 मैचों में 418 रनों का उनका रिकॉर्ड इसे स्पष्ट कर देता है। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में कई T20 फ्रेंचाइजी लीगों में शानदार बाउंड्री और बेहतरीन कैरेबियन शैली में छक्के लगाने की झलक दी है। हाल ही में वह नवंबर 2022 में नैरोबी T20 टूर्नामेंट में हरिओम टाइटन्स के साथ देखे गए।

दिनेश कार्तिक: MI के 2013 के बल्लेबाजी क्रम में मुख्य चट्टानों में से एक डीके ने 19 पारियों में 510 रन बटोरे थे। अपने शानदार प्रदर्शन से उन्होंने दिल्ली (2014), बैंगलोर (2015, 2022-वर्तमान), गुजरात (2016-17) और कोलकाता (2018-21) में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हम उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग के 2023 संस्करण में आरसीबी के लिए खेलते हुए देखेंगे। मैदान पर प्रदर्शन के साथ ही क्रिकेट की बात करने की अपनी क्षमता की वजह से जब कार्तिक मैच नहीं खेल रहे होते हैं तो हम उन्हें ब्रॉडकास्टर के रूप में माइक्रोफोन के साथ अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए देख रहे होते हैं।

अंबाती रायडू: दिनेश कार्तिक के समान ही रायडू, कायरन पोलार्ड के साथ मुंबई इंडियंस के मध्य-क्रम में खेलने वाले एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी रहे। हालांकि, 2018 के बाद से 37 वर्षीय रायडू सीएसके के खिलाड़ी रहे हैं और 2023 संस्करण में अपनी आईपीएल की कहानी में एक नया अध्याय जोड़ेंगे।

प्रज्ञान ओझा: हरभजन सिंह के अलावा, प्रज्ञान ओझा आईपीएल 2013 में MI की विरोधी टीमों के लिए खतरनाक स्पिनर थे। बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स स्पिन के साथ बल्लेबाजों के परेशान करते हुए ओझा ने साल 2013 में 16 मैचों में 16 विकेट लिए। अपने क्रिकेट करियर पर विराम लगाने के बाद से, वह साल 2020 से इंडियन क्रिकेटर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि के रूप में आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के सदस्य हैं।

आदित्य तारे: पांच मैचों में 123 रन के साथ, आदित्य तारे मुंबई इंडियंस के साल 2013 सीज़न के एक अहम खिलाड़ी थे। सचिन तेंदुलकर को चोट लगने के बाद  उन्होंने ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाली थी। साल 2022 में, आदित्य तारे ने भारतीय डोमेस्टिक सर्किट में मुंबई से उत्तराखंड का रुख किया और तभी से वह नियमित रूप से टीम में हैं।

ऋषि धवन: एक बेहतरीन ऑलराउंडर के तौर पर ऋषि धवन ने 2013 में MI टीम को काफी ज्यादा संतुलन प्रदान किया। पंजाब (2014-16) और कोलकाता (2017) के साथ खेलने के बाद, ऋषि धवन ने अपने डोमेस्टिक करियर पर ध्यान केंद्रित किया, और हिमाचल प्रदेश के लिए विजय हजारे ट्रॉफी फाइनल जीता। आखिरकार उन्हें 2022 में पंजाब किंग्स के साथ दूसरा मौका मिला। वह 2023 संस्करण में इसी फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।

ग्लेन मैक्सवेल: ऑस्ट्रेलिया के मिस्टर 360 ने 2013 में भले ही कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया था। हालांकि, वर्तमान में पिछले दो सत्रों में आरसीबी के लिए उनके प्रदर्शन ने उन्हें फ्रैंचाइजी में एक प्रमुख खिलाड़ी के तौर पर स्थापित किया है और 2023 सीज़न में भी उनपर फैंस की नज़रें होंगी।

युजवेंद्र चहल: 2013 में MI टीम का हिस्सा रहने वाले युवा लेग स्पिनर ने जल्द ही खुद को व्हाइट-बॉल क्रिकेट में भारत के स्पिन अटैक के मुख्य गेंदबाज के तौर पर स्थापित किया। 2022 में, 27 विकेट के साथ, उन्होंने राजस्थान रॉयल्स में पर्पल कैप हासिल की, और हम 2023 में भी उनके शानदार प्रदर्शन की उम्मीद करते हैं।

नाथन कुल्टर नाइल: मुंबई और ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज का बॉन्ड चार वर्षों तक जारी रहा, वह भी उस यादगार सीज़न का हिस्सा थे। ये वो पेसर थे, जिन्होंने पंजाब के खिलाफ अपने एकमात्र आईपीएल 2013 मुकाबले में एक विकेट लिया था। वह 2020 और 2021 में MI के साथ वापस लौटे। 2023 बिग बैश लीग में मेलबर्न स्टार्स के साथ अपने कार्यकाल के बाद, वह आईपीएल 2023 से पहले राजस्थान रॉयल्स द्वारा रिलीज़ किए जाने वाले खिलाड़ियों में से एक थे।

अक्षर पटेल: भविष्य के स्टार ऑलराउंडर अक्षर भी उस सीज़न में हमारे साथ थे। यहां तक कि उन्होंने फाइनल में एक कैच भी लिया, जिससे उनका नाम MI स्कोरकार्ड पर छपा। बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए एक प्रमुख मैच विजेता है, और 2023 सीज़न में उन्हें दिल्ली कैपिटल्स के साथ देखा जाएगा।

जैकब ओरम: न्यूजीलैंड के जैकब ओरम ने मुंबई इंडियंस के 2013 के अभियान में सिर्फ एक गेम खेला, लेकिन मैच जीतने का जो अनुभव उन्होंने पेश किया वह कायरन पोलार्ड जैसे हरफनमौला खिलाड़ियों के लिए काफी प्रभावशाली था। कीवी स्टार ने स्काई टेलीविज़न (2010-14), न्यूज़ीलैंड 'ए' कोच और व्हाइट फर्न्स असिस्टेंट कोच (2014-15), सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स क्रिकेट कोच (2014-16) के लिए विभिन्न भूमिकाओं, कमेंटेटर और होस्ट के तौर पर अपनी भूमिका निभाई है। इसके साथ ही वह SA20 में MI केप टाउन के लिए गेंदबाजी कोच हैं।

जेम्स फ्रैंकलिन: मुंबई इंडियंस के साथ दो सत्रों में 327 रन और 9 विकेट लेने के बाद, फ्रैंकलिन ने क्रिकेट कोचिंग देना शुरू करने से पहले बांग्लादेश प्रीमियर लीग, बिग बैश लीग और कैरेबियन प्रीमियर लीग जैसी विदेशी लीग में हिस्सा लिया। वर्तमान में, वह पीएसएल में इस्लामाबाद यूनाइटेड के गेंदबाजी कोच हैं।

एडेन ब्लिज़ार्ड: तीन सीज़न में MI के लिए एक दमदार शुरुआती बल्लेबाजी करने वाले ब्लिज़ार्ड ने अंततः 2018 में इस खेल से संन्यास ले लिया। आजकल, वह कोजो के लिए खेल के बिजनेस डायरेक्टर के रूप में काम कर रहे हैं - जो दक्षिण ऑस्ट्रेलिया में स्थित एक विज्ञापन कंपनी है।

फिलिप ह्यूज: दिवंगत फिलिप ह्यूज को ऑस्ट्रेलिया के साथ रेड-बॉल क्रिकेट में उनकी शानदार उपलब्धियों के बाद MI टीम में शामिल किया गया था। टीम में जगह हासिल करने की कड़ी प्रतिस्पर्धा की वजह से उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल होने का मौका नहीं मिला। उनका जीवन 24 साल की उम्र में दुखद रूप से समाप्त हो गया, जब 2014 में ऑस्ट्रेलियाई डोमेस्टिक सीज़न में खेलते समय उनके सिर के पिछले हिस्से पर एक बाउंसर गेंद ने उन्हें चोटिल कर दिया था।

धवल कुलकर्णी: धवल कुलकर्णी उन गेंदबाजों में से एक हैं, जिनकी गेंदबाजी की लेंथ एक बड़ा गेम-चेंजर हो सकती है। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में कई टीमों के लिए ऐसा करके दिखाया है। उन्होंने दो चरणों (2008-13 और 2020-21) में ब्लू एंड गोल्ड के लिए अपना योगदान दिया। 2022 में, उन्होंने आईपीएल के दौरान कमेंटेटर की भूमिका भी निभाई, लेकिन डोमेस्टिक क्रिकेट में वह सक्रिय खिलाड़ी बने रहे।

 

मुनाफ पटेल: 2011-13 से MI टीम में एक नियमित खिलाड़ी के तौर पर मुनाफ पटेल ने 2018 में खेल से संन्यास लेने के बाद बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन में गेंदबाजी कोच की भूमिका निभाई है। वह अक्सर टीवी पर दिखाई देते हैं और सड़क सुरक्षा सीरीज़ में उन्हें देखा गया है।

अबू नेचिम: एक तेज गेंदबाज़, जो गेंद को अच्छी गति के साथ दोनों तरफ घुमाने में सक्षम हैं। अबू नेचिम ने 2010 से हमारे साथ चार सीज़न बिताए और 2013 में हमारे खिताब जीतने वाले अभियान में दो बार तीन विकेट के साथ अपना योगदान दिया। उन्हें आखिरी बार 2015 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए आईपीएल में एक्शन में देखा गया था। नागालैंड के स्टार खिलाड़ी को आखिरी बार 2022 में झारखंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच में देखा गया था।

अमितोज सिंह: 2012 में मुंबई इंडियंस के लिए घरेलू खिलाड़ियों में से एक, अमितोज सिंह को 2013 में मैदान पर खेलने का मौका नहीं मिला। पंजाब के तेज़ गेंदबाज को आखिरी बार 2018 में राजपूतों के खिलाफ नॉर्दर्न वॉरियर्स की अबू धाबी T10 लीग खेलते हुए देखा गया था।

पवन सुयाल: उन्होंने 2013 का ‘एल क्लासिको’ खेला था और इसमें भी वह काफी प्रभावशाली साबित हुए थे। लंबे और सफल डोमेस्टिक करियर के बाद पवन सुयाल को आखिरी बार लीजेंड्स लीग क्रिकेट 2022 में इंडिया कैपिटल्स टीम के साथ देखा गया था।

जावेद खान: दिल्ली के तेज़ गेंदबाज 2013 में MI की युवा प्रतिभाओं में से एक थे। उन्होंने कुछ ही समय बाद क्रिकेट छोड़ दिया और गेंद के साथ उन्हें आखिरी बार 2014 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी मैच में राजस्थान के खिलाफ दिल्ली के लिए चार विकेट (4/18) का रिकॉर्ड बनाते हुए देखा गया था।

सुशांत मराठे: एक शानदार खिलाड़ी रहे सुशांत मराठे को मुंबई के लिए एक बड़े हिटिंग विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में देखा जाता था। 2013 में MI के आईपीएल अभियान में विफल रहते हुए, सुशांत ने मुंबई और क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया के लिए घरेलू सर्किट में अपने बल्ले से चमक बिखेरी। 2016 में, उन्होंने खेल से अलग दूसरी दुनिया में कदम रखा। उन्होंने बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में अपने उच्च अध्ययन को आगे बढ़ाने के लिए क्रिकेट के मैदान को अलविदा कह दिया और वह वर्तमान में अमेज़न यूके में काम कर रहे हैं।