
स्काई और हरमन को शीर्ष विजडन क्रिकेट सम्मान से नवाजा गया
भारतीय क्रिकेट टीम के होनहार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव और हरमनप्रीत कौर को खास उपलब्धि हासिल हुई है। दरअसल, सूर्या को विजडन क्रिकेटर्स अल्मनैक के 2023 संस्करण में लीडिंग T20 क्रिकेटर ऑफ ईयर चुना गया है। उनके अलावा भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर विजडन क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुनी जाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी हैं। हमारे दो रत्न, हमारे गौरव!
शुरुआत करते हैं आपला दादा सूर्या से। T20I में साल 2022 SKY के लिए किसी ख्वाब से काम नहीं रहा। अपने शानदार खेल से उन्होंने T20 क्रिकेट में अपना लोहा मनवाया है। इस दौरान उन्होंने 187.43 की स्ट्राइक रेट से 1164 रन बनाए जिसमें 68 छक्के शामिल थे, जो किसी भी T20I बल्लेबाज ने एक कैलेंडर वर्ष में नहीं किया है।
उन्होंने 2 शतक और 9 अर्धशतक जड़े, जिसमें से तीन अर्धशतक 2022 T20 विश्व कप में आए। उनके इस लाजवाब खेल की बदौलत भारत ने पिछले साल अपने 40 मैचों में से 28 में जीत हासिल की। सूर्या ने नॉटिंघम में 10 जुलाई 2022 को अपना पहला T20I शतक जड़ा था। उस मैच में शानदार बल्लेबाजी का मुजाहिरा करते हुए उन्होंने 55 गेंदों में 117 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी।
साल 2023 में भी सूर्यकुमार T20I में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने इस साल 6 मैच खेले हैं, जिसमें 66.75 की औसत से 267 रन बनाए हैं। 2023 में उन्होंने 1 शतक और 1 अर्धशतक जड़े हैं। यही वजह है कि सूर्या इस समय T20 क्रिकेट में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज हैं।
हमारे देश की शान हरमनप्रीत कौर ने इतिहास रच दिया है, क्योंकि विजडन की सूची मे पहली बार किसी भारतीय महिला खिलाड़ी ने जगह बनाई है। वह 2023 विजडन क्रिकेटर्स अल्मनैक में घोषित वर्ष के पांच क्रिकेटरों में से एक हैं। यह पूरे भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व की बात है। हरमन 1999 के बाद पहली बार इंग्लैंड की धरती पर 3-0 की वनडे और 2022 राष्ट्रमंडल खेल की रजत पदक विजेता टीम का हिस्सा रही हैं।
पिछले साल उन्होंने 17 वनडे मुकाबलों में 58.00 की औसत से 754 रन बनाए, जिसमें इंग्लैंड के खिलाफ 111 गेंद में 143 रनों की यादगार पारी शामिल थी। यह हरमन की दमदार पारी का ही नतीजा था जिसके कारण भारत 1999 के बाद से इंग्लैंड की धरती पर अपनी पहली वनडे सीरीज जीतने कामयाब हुआ। T20I में भी भारतीय कप्तान का बल्ला जमकर बोला और उन्होंने इस दौरान 524 रन बनाए।
पलटन, पूरी #OneFamily और वास्तव में पूरे देश को इनकी उपलब्धियों पर बहुत गर्व है!